IPL सट्टेबाजी के ₹3.50 करोड़ के खेल का पर्दाफाश, ‘ऑपरेशन प्रहार’ में 3 सटोरिये गिरफ्तार
नैनीताल। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को IPL सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है।
SOG और मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम ने करोड़ों रुपये के ऑनलाइन सट्टा कारोबार का खुलासा करते हुए दो भाइयों समेत तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, ₹51,100 नगद, रजिस्टर, पेन और एक क्रेटा वाहन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद और SOG टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 21 मई 2026 को पुलिस टीम ने मधुबन कॉलोनी स्थित एक खाली प्लॉट में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को IPL मैचों में सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी प्रतिदिन लगभग 7 से 8 लाख रुपये का सट्टा संचालित कर रहे थे और अब तक करीब ₹3 करोड़ 50 लाख तक का सट्टा खिलाया जा चुका था।
गिरफ्तार आरोपियों में रवि गुप्ता उर्फ झबरा निवासी दुर्गा कॉलोनी बनभूलपुरा, उसका भाई रोहित गुप्ता तथा मोहित प्रसाद निवासी नारायण नगर मुखानी शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना मुखानी में धारा 13G एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी रवि गुप्ता के खिलाफ पहले से आबकारी अधिनियम, NDPS एक्ट और जुआ अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने मौके से 6 मोबाइल फोन, एक रजिस्टर, एक पेन, ₹51,100 नगद और UP-25EL-4419 नंबर की क्रेटा कार सीज की है।
एसएसपी नैनीताल ने इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को उत्साहवर्धन हेतु ₹2000 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद, हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत (SOG), हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला (SOG), कांस्टेबल अशोक रावत (SOG), कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा (SOG), कांस्टेबल भानु प्रताप ओली (SOG), कांस्टेबल सुरेश देवड़ी तथा कांस्टेबल भगवती पाठक शामिल रहे।

