HTML tutorial
HTML tutorial

01 साल बाद खुला राजपुर हत्याकांड का राज, पश्चिमी यूपी का कुख्यात सुपारी किलर जैकी गिरफ्तार

01 साल बाद खुला राजपुर हत्याकांड का राज, पश्चिमी यूपी का कुख्यात सुपारी किलर जैकी गिरफ्तार
Spread the love

सौतेले भाई ने प्रॉपर्टी विवाद में दी थी हत्या की सुपारी, प्रेमिका की मदद से तकिये से दबाकर की गई थी हत्या

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब एक वर्ष पूर्व राजपुर क्षेत्र में हुई अजय बटेजा हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर एवं सुपारी किलर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में हत्या, रंगदारी, लूट, गैंगस्टर और गुण्डा एक्ट सहित डेढ़ दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार 26 मई 2025 को जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने थाना राजपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके ममेरे भाई अजय बटेजा की जाखन स्थित आवास पर हत्या कर दी गई है। मामले में थाना राजपुर में धारा 103 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून द्वारा पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को पता चला कि घटना में मुजफ्फरनगर का शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी शामिल है। पुलिस ने 19 मई 2026 को खालापार, मुजफ्फरनगर से अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि मृतक अजय बटेजा और उसके सौतेले भाई अमित बटेजा के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। अमित ने जैकी को अपने भाई को रास्ते से हटाने के बदले जाखन स्थित संपत्ति में हिस्सा देने और सहारनपुर गोलीकांड में उसका नाम न आने देने का लालच दिया था। योजना के तहत अभियुक्त अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ देहरादून पहुंचा और 25 मई 2025 की रात जाखन स्थित घर में रुका।

पुलिस के मुताबिक हत्या की साजिश बेहद सुनियोजित थी। अभियुक्त ने प्रेमिका की मदद से मृतक को अत्यधिक शराब पिलाई और बाद में तकिये से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को पंखे से लटकाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन जल्दबाजी में आरोपी सफल नहीं हो सके। पकड़े जाने के डर से आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

गिरफ्तार अभियुक्त जैकी उर्फ राजन सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ सहारनपुर, शामली सहित विभिन्न जनपदों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, गैंगस्टर, गुण्डा एक्ट और अवैध संपत्ति अर्जित करने जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मामले में अमित बटेजा और हुमेरा उर्फ जोया को वांछित घोषित किया है, जिनकी तलाश जारी है।

घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा ₹5000 तथा एसएसपी देहरादून द्वारा ₹2500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पी.डी. भट्ट (थानाध्यक्ष राजपुर), उपनिरीक्षक प्रवेश रावत, उपनिरीक्षक अनित कुमार, कांस्टेबल विशाल कुमार, कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल अमित एवं कांस्टेबल आशीष शर्मा शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles