राजकीय इंटर कॉलेज डाकपत्थर के सुधारीकरण को लेकर जन संघर्ष मोर्चा सक्रिय, सिंचाई विभाग ने दिलाया भरोसा

देहरादून। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने सोमवार को सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता सुभाष पांडे से मुलाकात कर राजकीय इंटर कॉलेज, डाकपत्थर के जर्जर भवन के सुधारीकरण व मरम्मत को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस पर पांडे ने हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
फिलहाल विद्यालय में लगभग 500 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि पहले यहां छात्र संख्या 1500–2000 तक रहती थी। भवन की बदहाल स्थिति और बजट की कमी के कारण अभिभावक अपने बच्चों को निजी स्कूलों या अन्यत्र भेजने को मजबूर हैं।
विद्यालय सिंचाई विभाग के अधीन है, लेकिन विभागीय उपेक्षा के चलते भवन का रखरखाव व मरम्मत नहीं हो पा रही है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य शंकर दयाल वर्मा ने बताया कि मरम्मत के नाम पर विभाग द्वारा कभी-कभार 20–25 हजार रुपये ही दिए जाते हैं, जो पर्याप्त नहीं है।
नेगी ने कहा कि विद्यालय की वर्तमान स्थिति छात्रों के जीवन के साथ खिलवाड़ है और कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़े हुए है, जिसके कारण छात्र संख्या लगातार घट रही है। विद्यालय को बचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
मोर्चा को विश्वास है कि शीघ्र ही विद्यालय की मरम्मत, साज-सज्जा और सुधारीकरण का कार्य शुरू होगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा पिन्नी भी मौजूद रहे।
