
— जिम्मेदार अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर आक्रोश, धूल-मिट्टी व अधूरे कार्यों से जनता परेशान
विकासनगर। विकासनगर पालिका क्षेत्र में यूलिप परियोजना के अंतर्गत चल रहे सीवरेज एवं पेयजल लाइन बिछाने के कार्यों में व्याप्त अव्यवस्थाओं और आम जनता को हो रही परेशानियों के विरोध में जन संघर्ष मोर्चा ने तहसील में हल्ला बोल किया। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील का घेराव किया। मौके पर जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति पर मोर्चा ने तीव्र आक्रोश व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नायब नाजिर को सौंपा।
रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि उक्त कार्य यूयूएसडीए (उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी) द्वारा ठेकेदारों के माध्यम से लगभग 400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कराया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। जिम्मेदार अधिकारी एवं अभियंता मौके पर मौजूद नहीं रहते, जिसके कारण कार्य पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो रहा है। सड़कों को खोदकर आधा-अधूरा छोड़ दिया जाता है और जहां लाइन बिछ चुकी है, वहां समतलीकरण व पानी का छिड़काव नहीं किया जाता, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धूल-मिट्टी के कारण लोगों के घरों में रहना तक दूभर हो गया है।
उन्होंने बताया कि इन अव्यवस्थाओं के चलते कई बार लोग चोटिल भी हो चुके हैं। मोर्चा को इस बात की भी आशंका है कि बिछाई जा रही सीवरेज लाइन का लेवल सही है या नहीं, क्योंकि संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर सुपरविजन नहीं कर रहे हैं और पूरा कार्य ठेकेदारों व मजदूरों के भरोसे छोड़ दिया गया है। कई स्थानों पर सीवरेज चैंबर्स ऊंचे बनाकर छोड़ दिए गए हैं, जिनके लिए अब तक कोई समुचित समाधान नहीं किया गया है। ऐसा प्रतीत होता है मानो कार्यदायी संस्था और ठेकेदार जनता पर एहसान कर रहे हों।
मोर्चा ने नगर पालिका और प्रशासन से मांग की कि इन अव्यवस्थाओं में तत्काल दखल दिया जाए और कार्यों को नियमानुसार व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं तो मोर्चा तहसील में तालाबंदी करने को मजबूर होगा।
घेराव व प्रदर्शन में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, मोहम्मद आरिफ, हाजी असद, रूपचंद, अध्यक्ष अमित जैन, महेंद्र सिंघल, एम.ए. सिद्दीकी, सलीम खान, सुशील भारद्वाज, प्रवीण कुमार, संजय गुप्ता, सतीश गुप्ता, सरोज गांधी, जगदीश रावत, वाहिद कुरैशी, दरबान सिंह असवाल, नानक सिंह, सायरा बानो, सुरजीत सिंह, सियाराम बिष्ट, इमरान, गुरु चरण सिंह, खुशनुदा, परवीन, गय्यूर, सलीम मिर्जा, टीकाराम उनियाल, गोविंद नेगी, प्रमोद शर्मा, नरेश ठाकुर, श्रवण गर्ग, नाहिद खान, दिनेश गुप्ता, सफीक पांडे, जसवीर, नाजीर, क्रिस्टीना, रहमान, सुनील सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

