दून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 8 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

देहरादून ।अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस और एसटीएफ उत्तराखंड की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 8 लाख रुपये मूल्य की 80 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। तस्करी में प्रयुक्त टाटा 407 वाहन को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपदभर में मादक पदार्थों एवं अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली पटेलनगर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर द सैड होटल से ट्रांसपोर्ट नगर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोका।
तलाशी लेने पर वाहन संख्या UK12CA0451 (टाटा 407) से पंजाब मार्का विभिन्न ब्रांडों की कुल 80 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शराब मोहाली (पंजाब) से देहरादून बेचने के उद्देश्य से लाया था और इससे अवैध लाभ कमाने की योजना थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगजीत सिंह पुत्र हरदीप सिंह, निवासी ग्राम भूड्डनपुर, थाना बनूर, जिला मोहाली (पंजाब), उम्र 51 वर्ष के रूप में हुई है ।
पुलिस ने आरोपी से 25 पेटी रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब (300 बोतल),35 पेटी मैकडॉवेल अंग्रेजी शराब (1680 क्वार्टर),20 पेटी इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब (960 क्वार्टर) तस्करी में प्रयुक्त टाटा 407 वाहन बरामद की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब और नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम में कोतवाली पटेलनगर के आईएसबीटी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, एसटीएफ के अपर उपनिरीक्षक हितेश, हेड कांस्टेबल बीरेन्द्र, हेड कांस्टेबल देवेन्द्र, कांस्टेबल गौरव कुमार तथा कांस्टेबल विश्वास चौधरी शामिल रहे।

