अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर परेड ग्राउंड में उमड़ा जनसैलाब, आयुष विभाग ने जिलेभर में कराए योग कार्यक्रम

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर परेड ग्राउंड में उमड़ा जनसैलाब, आयुष विभाग ने जिलेभर में कराए योग कार्यक्रम
Spread the love

देहरादून ।21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में हजारों लोगों ने निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

जिला मीडिया प्रभारी एवं आईटी एक्सपर्ट डॉ. डी.सी. पसबोला ने बताया कि कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री सौरभ बहुगुणा, प्रभारी मंत्री खजान दास, जिलाधिकारी आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सविता कोठियाल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

उन्होंने बताया कि परेड ग्राउंड के अलावा आयुष विभाग द्वारा जिले के दूरस्थ क्षेत्रों हनोल (महासू), त्यूणी, चकराता, लाखामंडल तथा अन्य स्थानों पर भी योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। साथ ही जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी स्थानीय जनता को योगाभ्यास कराया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का सशक्त माध्यम है। योग व्यक्ति को अनुशासित, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ और निरोग जीवन जीने का संदेश दिया गया।

देवभूमि खबर

Related articles