ब्लैकमेलिंग से जुड़ी विवाहिता की आत्महत्या का लालकुआं पुलिस ने किया खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी/लालकुआं। ब्लैकमेलिंग से जुड़ी विवाहिता की आत्महत्या के मामले का लालकुआं पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका प्रयोग कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने और भेजने में किया गया था। मामले में नामजद दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
दिनांक 6 अगस्त 2026 को ग्राम गंगापुर कबडाल, मोटाहल्दू, लालकुआं निवासी एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद निवासी मुक्तेश्वर ने थाना लालकुआं में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी।
तहरीर में आरोप लगाया गया कि मृतका का उसके पति के हेल्पर आशिक अली से मोबाइल के माध्यम से संपर्क था और उसका घर पर भी आना-जाना था। आरोप है कि आशिक अली ने मृतका को अपने जाल में फंसाकर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल किया। इससे वह मानसिक रूप से परेशान थी और इसी दौरान 6 अगस्त को उसने आत्महत्या कर ली।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि साहिब अली और देवेश गंगवार द्वारा मृतका के पति विजय पलड़िया को मामले में कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इस संबंध में थाना लालकुआं में मुकदमा अपराध संख्या 146/2026 के तहत धारा 108 और 351(2) भारतीय न्याय संहिता-2023 में अभियोग दर्ज किया गया। मामले की विवेचना चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी द्वारा की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लालकुआं बृजमोहन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गहन जांच शुरू की। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के साथ तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी आशिक अली पुत्र मशरूफ अली, निवासी बेरहम नगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी गुमटी, हल्दूचौड़ को 26 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उसका मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार इसी मोबाइल का प्रयोग आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाने तथा भेजने में किया गया था।
मामले में नामजद साहिब अली पुत्र भूरे शाह निवासी बेरमनगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश और देवेश गंगवार निवासी लालकुआं, जनपद नैनीताल की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ वादी द्वारा मृतका के पति को धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस धमकी से जुड़े तथ्यों और दोनों की प्रकरण में संलिप्तता के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस टीम में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल कुबेर सिंह शामिल रहे।
