अधिकारों की जानकारी से मजबूत होता है आम नागरिक, गोपेश्वर में विधिक जागरूकता शिविर ने दिया ‘न्याय सबके लिए’ का संदेश

अधिकारों की जानकारी से मजबूत होता है आम नागरिक, गोपेश्वर में विधिक जागरूकता शिविर ने दिया ‘न्याय सबके लिए’ का संदेश
Spread the love

गोपेश्वर। आम नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से रविवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोपेश्वर के ऑडिटोरियम में वृहद बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चमोली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष एवं उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी तथा न्यायमूर्ति आलोक मेहरा उपस्थित रहे। इस अवसर पर सदस्य सचिव, उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण प्रदीप कुमार मणि एवं जिला जज तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चमोली के अध्यक्ष बिंध्याचल सिंह भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्य अतिथियों के गोपेश्वर आगमन पर स्वागत गान एवं सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति के साथ उनका स्वागत किया गया। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने अतिथियों को स्थानीय घरेलू उत्पादों से तैयार आकर्षक टोकरी भेंट कर स्वागत किया।

शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से बहुउद्देशीय स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से आमजन को विभागीय योजनाओं, सेवाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। चमोली पुलिस की ओर से साइबर प्रकोष्ठ, यातायात पुलिस, महिला हेल्पलाइन, अग्निशमन सेवा तथा एसडीआरएफ के स्टॉल लगाए गए।

पुलिस के स्टॉलों पर लोगों को साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों, महिला सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा और आपदा की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। लोगों ने पुलिस के उपकरणों एवं संसाधनों में भी रुचि दिखाई और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर पुलिस कर्मियों से जानकारी प्राप्त की।

न्यायमूर्ति ने पुलिस के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अग्निशमन सेवा, साइबर प्रकोष्ठ, एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ में कार्मिकों की तैनाती और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। इस दौरान अग्नि सुरक्षा में इस्तेमाल होने वाले फायर बॉल सहित अन्य उपकरणों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई। न्यायमूर्ति ने पुलिस विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर अग्नि सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति लोगों को लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए।

शिविर में चमोली पुलिस साइबर प्रकोष्ठ की ओर से बताया गया कि साइबर अपराध के पीड़ितों की लगभग ₹4.50 लाख की धनराशि अब तक वापस दिलाई जा चुकी है। न्यायमूर्ति ने साइबर प्रकोष्ठ के प्रयासों की सराहना की।

अपने संबोधन में न्यायमूर्ति ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सुगमता से न्याय पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर नालसा, राज्य स्तर पर सालसा तथा जिला स्तर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का गठन किया गया है, ताकि प्रत्येक नागरिक को उसके संवैधानिक अधिकारों और न्याय तक सहज पहुंच मिल सके।

उन्होंने कहा कि सीमांत एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों तक विधिक सेवाओं की जानकारी पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है। विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान न्यायमूर्ति ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी भी ली।

शिविर के दौरान पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने न्यायमूर्ति को जनपद में पुलिस द्वारा किए जा रहे राहत, बचाव एवं जनसेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने तमक नाला में आई आपदा और टीएचडीसी हादसे के दौरान चमोली पुलिस द्वारा किए गए राहत एवं बचाव कार्यों के साथ ही हाल में संपन्न हुई मां नन्दा जात यात्रा में पुलिस की भूमिका से भी अवगत कराया।

एसपी ने बताया कि दुर्गम पहाड़ी परिस्थितियों में लगभग 280 किलोमीटर की पैदल यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन, मार्ग व्यवस्था, संचार व्यवस्था और आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता के लिए चमोली पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर पुलिस बल एवं संसाधनों की तैनाती की गई थी। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और लंबी पैदल ड्यूटी के बावजूद पुलिस जवानों ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया।

न्यायमूर्ति ने चमोली पुलिस के राहत, बचाव एवं सुरक्षा कार्यों की सराहना की।

जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चमोली के अध्यक्ष बिंध्याचल सिंह ने उपस्थित लोगों को विधिक सेवाओं और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं आमजन का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार पाठक, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार, न्यायिक मजिस्ट्रेट हिना कौशर, न्यायिक मजिस्ट्रेट गुंजन सिसोदिया, उप जिलाधिकारी चमोली राजकुमार पाण्डेय, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, पराविधिक कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles