अल्मोड़ा में श्रीराम की अयोध्या वापसी और दीपोत्सव के साथ हुआ भव्य राज्याभिषेक
अल्मोड़ा। श्री भुवनेश्वर महादेव मंदिर एवं रामलीला समिति, कर्नाटक खोला, अल्मोड़ा में 03 अक्टूबर 2025 को भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी, भरत मिलाप, दीपोत्सव और प्रसाद वितरण के साथ भव्य राज्याभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धालु रामभक्तों ने दीपमालाओं से सजे मंच पर हुए राम राज्याभिषेक के अद्भुत और भावनात्मक दृश्यों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में भगवान श्रीराम की भूमिका रश्मि काण्डपाल ने निभाई, जबकि लक्ष्मण का अभिनय कोमल जोशी ने किया। सीता की भूमिका वैष्णवी पवार, भरत की वैष्णवी जोशी, शत्रुघ्न की निशा काण्डपाल, हनुमान की एस.एस. कपकोटी, विश्वामित्र की बद्री प्रसाद कर्नाटक, तथा मुनि की बृजेश पाण्डे ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। कैकेई, कौशल्या और सुमित्रा की भूमिकाएँ क्रमशः गीताांजलि पाण्डे, नेहा जोशी और मेघा काण्डपाल ने जीवंत कीं।
राज्याभिषेक कार्यक्रम के पश्चात कला संस्कृति संगम, अल्मोड़ा द्वारा ‘महिषासुर मर्दिनी’ नाटिका का मंचन किया गया, जिसमें माता दुर्गा द्वारा महिषासुर का वध कर देवताओं की रक्षा और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। इस प्रस्तुति में श्रीमती ममता कपूर और भावना मल्होत्रा की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।
इसके उपरांत विहान सामाजिक सांस्कृतिक संस्था, अल्मोड़ा ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत की झलक दिखी। देर रात तक चले इन कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
राज्याभिषेक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ मुख्य अतिथि अमित साह, अभिषेक जोशी और श्रीमती ज्योति साह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मथुरा दत्त काण्डपाल, प्रमोद नैनवाल, दीपक कर्नाटक, अखिलेश थापा, रमेश चंद्र काण्डपाल, दिनेश मठपाल, भूपेंद्र बिष्ट, कपिल मल्होत्रा, जगदीश चंद्र तिवारी, पूरन चंद्र तिवारी, देवेन्द्र गोस्वामी, सन्तोष जोशी, देवेन्द्र जनौटी, मोहन चंद्र काण्डपाल, अनिल जोशी, हंसा दत्त काण्डपाल, दिनेश चंद्र तिवारी, गोकुलानंद जोशी, कमल पालीवाल, विद्या कर्नाटक, कमला पाण्डे, कविता पाण्डे, रेखा पवार, मेघना पाण्डे, रीता पाण्डे आदि सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन भावना मल्होत्रा ने किया।
