HTML tutorial
HTML tutorial

शेयर मार्केट के नाम पर 11 लाख की ठगी, गुजरात से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

शेयर मार्केट के नाम पर 11 लाख की ठगी, गुजरात से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

पौड़ी। पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले मुख्य अभियुक्त को गुजरात से गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली।

मामला कोटद्वार निवासी अनिल सिंह की शिकायत से जुड़ा है, जिन्हें फेसबुक के माध्यम से शेयर मार्केट में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच दिया गया। लिंक के जरिए वह व्हाट्सएप ट्रेडिंग ग्रुप से जुड़े, जहां अज्ञात लोगों ने उन्हें झांसे में लेकर अलग-अलग माध्यमों से कुल 11 लाख 10 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली।

पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों और सर्विलांस की मदद से पता चला कि ठगी का नेटवर्क गुजरात से संचालित हो रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने अहमदाबाद में दबिश देकर मुख्य अभियुक्त रहेवर राजेन्द्र सिंह (38) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ सोशल मीडिया के जरिए लोगों को निवेश का लालच देकर ठगी करता था। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

मामले में धारा 318(4) व 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजाराम डोभाल, हेड कांस्टेबल उत्तम सिंह चौहान और कांस्टेबल राजेश कुमार स्वामी की अहम भूमिका रही।

देवभूमि खबर

Related articles