ऑपरेशन प्रहार के तहत एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में नशीली गोलियां और कैप्सूल के साथ तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। एएनटीएफ देहरादून ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 960 नशीले कैप्सूल और 975 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने 13 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर बसंत विहार क्षेत्र के हरबंसवाला तिराहे के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल और अल्प्राजोलम की गोलियां बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलशाद पुत्र खुर्शीद निवासी ब्रह्मपुरी, थाना पटेलनगर, देहरादून, उम्र 44 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उक्त नशीले कैप्सूल और गोलियां दूसरे व्यक्ति से खरीदकर लाया था तथा उन्हें शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और स्थानीय नशेड़ियों को बेचने की फिराक में था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना बसंत विहार में धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी से 960 कैप्सूल Acetaminophen Tramadol HCL & Dicyclomine HCL Capsules
975 गोलियां Alprazolam Tablets IP 0.5 mg बरामद किये।
कार्रवाई को सफल बनाने में निरीक्षक मुकेश त्यागी, उपनिरीक्षक मुकेश नेगी, उपनिरीक्षक देवेंद्र गुप्ता, कांस्टेबल विक्रम तथा कांस्टेबल सुधीर नौटियाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

