दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹2 लाख से अधिक मूल्य की अवैध शराब के साथ 1 तस्कर गिरफ्तार, स्विफ्ट कार सीज
देहरादून। आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनज़र बाहरी राज्यों से अवैध शराब की तस्करी की संभावनाओं को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली विकासनगर पुलिस ने मंगलवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक स्विफ्ट डिजायर कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 02 जुलाई 2025 को मुखबिर की सूचना पर कुल्हाल बैरियर के पास एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेजी से भगा ले गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर वाहन को कुजां के पास पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार से कुल 16 पेटी (480 पव्वे व 120 अद्दे) रॉयल स्टैग व्हिस्की (चंडीगढ़ मार्का) बरामद की गई, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य ₹2 लाख से अधिक है।
पुलिस ने मौके से आरोपी बलिन्दर पुत्र रणपाल, निवासी ग्राम संभालका, थाना लाडवा, जनपद कुरुक्षेत्र, हरियाणा (उम्र 38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह उक्त शराब चंडीगढ़ से लाया था और विकासनगर में एक व्यक्ति को सप्लाई करनी थी, लेकिन उससे पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
इस संबंध में थाना विकासनगर में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।
