गुमशुदगी की गुत्थी सुलझी, ब्लाइंड मर्डर केस का सनसनीखेज खुलासा

गुमशुदगी की गुत्थी सुलझी, ब्लाइंड मर्डर केस का सनसनीखेज खुलासा
Spread the love

हरिद्वार। कोतवाली लक्सर पुलिस ने अंकित चौहान की गुमशुदगी के मामले का खुलासा करते हुए ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार कारोबार और पुरानी रंजिश को लेकर चार आरोपितों ने अंकित की हत्या कर उसके शव को मोटरसाइकिल के साथ बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया था। एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से मृतक का शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।

पुलिस के मुताबिक 2-3 अगस्त 2026 की रात शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान वह रास्ते से अचानक लापता हो गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली लक्सर में गुमशुदगी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

गठित टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मोबाइल टावरों की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। मैनुअल पुलिसिंग के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक की अपने ही गांव के रहने वाले सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित उर्फ फौजी से पिछले कुछ समय से रंजिश चल रही थी।

पुलिस ने चारों संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने हत्या की बात स्वीकार की और बताया कि उन्होंने 2 अगस्त की रात अंकित को रास्ते में रोककर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को शिवपुरी गांव के पास खुसरो की ठोकर से मोटरसाइकिल के साथ बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि अंकित ट्रैक्टर-ट्रॉली खनन से जुड़े मामलों में उनकी मुखबिरी करता था और पुलिस से पकड़वा देता था, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस टीम उन्हें बताए गए स्थान तक लेकर गई। इसके बाद एसडीआरएफ की गोताखोर टीम को मौके पर बुलाया गया। गोताखोरों ने अथक प्रयास कर गंगा नदी में डूबी मोटरसाइकिल और शव को बरामद किया।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 103, 238 और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में थाना खानपुर से हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सचिन पुत्र पवन निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार, मेहकार पुत्र पवन निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार, कुलवंत पुत्र कल्लू निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार तथा अंकित चौहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, चौकी प्रभारी रायसी राजीव उनियाल, चौकी प्रभारी भीकमपुर यशवीर नेगी, कांस्टेबल अरविंद, ध्वजवीर, हिमांशु चौधरी, मुकेश, अनूप पोखरियाल, सुरेश, हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह एवं हेड कांस्टेबल रविंद्र शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles