₹55 लाख की साइबर ठगी में अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य अमृतसर से गिरफ्तार

देहरादून। स्पेशल टास्क फोर्स देहरादून ने करीब ₹55.48 लाख की साइबर ठगी के मामले में अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के एक सदस्य को अमृतसर, पंजाब से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के बैंक खाते में ठगी की ₹8.94 लाख की धनराशि ट्रांसफर हुई थी, जिसे उसके द्वारा चेक और एटीएम के माध्यम से निकाला गया।
पुलिस के अनुसार साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 10/2026, धारा 318(4)/61(2) बीएनएस एवं 66(D) आईटी एक्ट की विवेचना में सामने आया कि आरोपियों ने खुद को IIFL Wealth Management से जुड़ा बताकर शेयर/आईपीओ में निवेश के नाम पर लाभ का झांसा दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता से 16 दिसंबर 2025 से 28 जनवरी 2026 के बीच विभिन्न बैंक खातों में ₹55,48,412 आरटीजीएस के माध्यम से जमा कराए गए।
जांच के दौरान बैंकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से पीएनबी का एक खाता अभियुक्त प्रभजीत सिंह के नाम पर होना सामने आया। जांच में पाया गया कि प्रथम लेयर के संदिग्ध खाते M/S HARI OM TRADERS में ट्रांसफर की गई ₹25,48,412 की रकम में से ₹3,18,000 और ₹5,76,300 यानी कुल ₹8,94,300 प्रभजीत सिंह के खाते में पहुंचे थे।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त ने उक्त धनराशि को चेक और एटीएम के माध्यम से आहरित किया। बैंकिंग एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर ठगी में उसकी सक्रिय भूमिका सामने आने के बाद पुलिस टीम ने अमृतसर, पंजाब में दबिश दी और 11 अगस्त 2026 को तारा वाला पुल, जालंधर रोड, अमृतसर से प्रभजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने अन्य बैंक खातों से भी साइबर ठगी की धनराशि निकाले जाने की जानकारी दी है। साथ ही गिरोह में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और ठगी की धनराशि की बरामदगी के लिए अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा प्रभजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय जोगेन्द्र सिंह, निवासी गली नंबर 07, भल्ला कॉलोनी, छेहरटा, अमृतसर, पंजाब, उम्र 20 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।
निरीक्षक विजय भारती (विवेचक), उपनिरीक्षक रमन बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक पवन कुमार यादव तथा कांस्टेबल सोहन बडोनी की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

