एसएसपी अल्मोड़ा की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी — ऑपरेशन कालनेमि व भिक्षावृत्ति पर सख्ती, मानसून में पुलिस की कमरकस तैयारी, 13 पुलिसकर्मी सम्मानित

एसएसपी अल्मोड़ा की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी — ऑपरेशन कालनेमि व भिक्षावृत्ति पर सख्ती, मानसून में पुलिस की कमरकस तैयारी, 13 पुलिसकर्मी सम्मानित
Spread the love

अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पींचा की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार, अल्मोड़ा में मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति रही, जहां अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और विभागीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

एसएसपी ने सैनिक सम्मेलन में मौजूद पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत, सामूहिक व विभागीय समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। अपराध समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं को शीघ्र पूरा करने, जघन्य अपराधों में फॉरेंसिक टीम से समन्वय कर साक्ष्य संकलन तथा ऑपरेशन कालनेमि के तहत साधु-संत के भेष में ठगी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही ऑपरेशन भल छौ के तहत वरिष्ठ नागरिकों व पुलिस पेंशनरों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का समाधान करने के आदेश दिए गए। मानसून सीजन में आपदा उपकरण को कार्यशील रखने, अलर्ट मोड में रहने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

जनपद में सघन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, लंबित वारंट-समन तामीली, वांछित व पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी, महिलाओं व नाबालिगों के खिलाफ अपराधों पर त्वरित कार्यवाही तथा साइबर शिकायतों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

आगामी जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख चुनावों के मद्देनज़र पुलिस बल को अलर्ट कर सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने के आदेश जारी किए गए। जनमानस के लिए परेशानी बन रहे भिक्षावृत्ति में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई करने और जनता से शालीन व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी गई।

सम्मान समारोह में, अवैध शराब और स्मैक बरामदगी में उत्कृष्ट कार्य के लिए कोतवाली अल्मोड़ा के कांस्टेबल विमल टम्टा को Employee Of The Month घोषित किया गया। जुलाई माह में प्रभावी पुलिसिंग और सराहनीय कार्य करने वाले अन्य 12 अधिकारियों/कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह, सीओ अल्मोड़ा गोपाल दत्त जोशी, सीओ रानीखेत विमल प्रसाद, सीओ दूरसंचार राजीव टम्टा सहित जनपद के सभी थानाध्यक्ष, प्रभारी निरीक्षक, यातायात, अभिसूचना, दूरसंचार, पीएसी/एसडीआरएफ, सीसीटीएनएस और अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles