मोरी पुलिस ने संगठित गिरोह के चार चरस तस्करों को किया गिरफ्तार, 1 किलो 109 ग्राम चरस बरामद, एसपी उत्तरकाशी ने पुलिस टीम को ₹2500 का पुरस्कार देकर किया सम्मानित
उत्तरकाशी। थाना मोरी पुलिस ने ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह के चार शातिर चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1 किलो 109 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती सरिता डोबाल के निर्देशन, पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट श्री देवेंद्र सिंह नेगी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मोरी श्री मोहन कठैत के नेतृत्व में की गई। मोरी पुलिस टीम ने 13 अक्टूबर 2025 को मोरी-बिंगसारी बैण्ड के पास चेकिंग के दौरान गिरोह के चारों तस्करों शहनवाज, जावेद, सावेज और जितेंद्र को वाहन संख्या UK 07TE 1963 (हुंडई कार) से अवैध चरस का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए तस्कर संगठित गिरोह के रूप में नशे की तस्करी करते हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे पहाड़ी क्षेत्रों से चरस इकट्ठा कर देहरादून और आसपास के इलाकों में सप्लाई करते हैं। गिरोह दो गाड़ियों में सफर करता है, जिसमें एक गाड़ी आगे रैकी करती है जबकि दूसरी गाड़ी में नशीले पदार्थ का परिवहन किया जाता है। पुलिस ने बताया कि आज भी ये देहरादून चरस सप्लाई करने के इरादे से निकले थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता और मुखबिर तंत्र की सक्रियता से इन्हें पकड़ लिया गया। अभियुक्त सावेज के विरुद्ध पूर्व में भी थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना मोरी में धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह के आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तारी और बरामदगी में उत्कृष्ट कार्य करने पर एसपी उत्तरकाशी श्रीमती सरिता डोबाल ने पुलिस टीम को ₹2500 का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शहनवाज आलम पुत्र अमीर आलम निवासी ग्राम सांपला खत्री थाना देवबंद, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) उम्र 35 वर्ष, मोहम्मद जावेद पुत्र अनस हुसैन निवासी ब्राह्मणवाला पटेलनगर, देहरादून उम्र 36 वर्ष, सावेज पुत्र शहजाद निवासी तलहेड़ी बुजुर्ग थाना देवबंद, सहारनपुर उम्र 30 वर्ष तथा जितेंद्र कुमार पुत्र शुभाष चंद्र निवासी डिग्गी ढस्का थाना ननौता, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) उम्र 33 वर्ष शामिल हैं। बरामदगी में 1 किलो 109 ग्राम चरस जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹2.20 लाख है, एक हुंडई कार (UK 07TE 1963) और एक स्विफ्ट डिजायर (UK 07TD 8898) शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मोहन सिंह कठैत, अ.उ.नि. भगत राम, कानि. सत्यपाल, कानि. गणेश राणा, कानि. बिशन, कानि. अजय रमोला एवं होमगार्ड अनिल शामिल रहे।
