रूद्रपुर में डेंगू-मलेरिया रोकथाम को लेकर सीडीओ मनीष कुमार की वर्चुअल बैठक, फॉगिंग, सफाई और जनजागरूकता पर दिया विशेष जोर

रूद्रपुर में डेंगू-मलेरिया रोकथाम को लेकर सीडीओ मनीष कुमार की वर्चुअल बैठक, फॉगिंग, सफाई और जनजागरूकता पर दिया विशेष जोर
Spread the love

रूद्रपुर। जिले में डेंगू, मलेरिया और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार ने शनिवार को नगर निकाय, चिकित्सा विभाग, ग्रामीण विकास विभाग सहित संबंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की। बैठक में डेंगू से बचाव और नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति बनाने व कार्ययोजना पर अमल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने डेंगू से बचाव हेतु लार्वा विनाश, नियमित फॉगिंग, रसायन एवं मानव संसाधन की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई के लिए रोस्टर निर्धारण व प्रतिदिन रिपोर्टिंग की व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही, निकाय स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने को भी कहा गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने अवगत कराया कि जनपद चिकित्सालय में 60 बेड का पृथक वार्ड और सभी सीएचसी स्तर पर 10-10 बेड आरक्षित किए गए हैं। उन्होंने “क्या करें और क्या न करें” संबंधी दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी।

सीडीओ मनीष कुमार ने सभी नगर निकाय अधिकारियों को निर्देशित किया कि फॉगिंग के दौरान वार्डवार जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए और व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाने के लिए पोस्टर-बैनर लगाए जाएं। साथ ही, जलभराव को रोकने के लिए गड्ढे भरने, जल निकासी सुनिश्चित करने, प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना तैयार करने और जनप्रतिनिधियों से संवाद बनाए रखने को भी कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निकाय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में स्थलीय भ्रमण करें और डेंगू की रोकथाम के लिए किए गए कार्यों की फोटोग्राफ्स सहित साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके साथ ही, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और अन्य शासकीय कार्यालयों में भी साफ-सफाई एवं जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल सहित सभी निकाय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित हुए।

देवभूमि खबर

Related articles