कर्णप्रयाग में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर, 198 लोगों की निशुल्क जांच और उपचार

कर्णप्रयाग में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर, 198 लोगों की निशुल्क जांच और उपचार
Spread the love

चमोली।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल के निर्देशन में सेवा, सुशासन एवं समर्पण के संकल्प के तहत उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में आयोजित बहु-विशेषज्ञ निशुल्क स्वास्थ्य शिविर के पहले दिन 198 लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण एवं मुफ्त उपचार का लाभ उठाया। शिविर में 78 पुरुष और 120 महिलाओं की जांच कर आवश्यक दवाइयां निशुल्क वितरित की गईं।

शिविर के दौरान 61 लोगों का रक्तचाप तथा 19 लोगों की मधुमेह जांच की गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत 13 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई। इसके अलावा 82 एक्स-रे, 32 निशुल्क अल्ट्रासाउंड और 8 ईसीजी जांच की गईं। वहीं 106 लाभार्थियों की एलएफटी, केएफटी, आरएफटी और लिपिड प्रोफाइल सहित विभिन्न रक्त जांच भी कराई गई।

स्वास्थ्य शिविर में कैंसर और अन्य बीमारियों की स्क्रीनिंग पर भी विशेष ध्यान दिया गया। तीन महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर, दो महिलाओं की स्तन कैंसर तथा 17 लोगों की मुख कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। दो किशोरियों को माहवारी स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया और दो किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण किया गया। 12 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग भी की गई। इसके साथ ही आठ लोगों की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी तथा दो लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।

शिविर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने बताया कि 7 अगस्त को भी उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में वरिष्ठ सर्जन डॉ. राजीव शर्मा, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित भट्ट, डेंटल सर्जन डॉ. हरीश थपलियाल, फिजीशियन डॉ. सत्येंद्र कंडारी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ऊमारानी शर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा सिंह एवं ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अल्का नेगी सहित चिकित्सा दल ने सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.पी. पुरोहित, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक विनय बहुगुणा, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, लैब टेक्नीशियन, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं ने भी शिविर के सफल संचालन में सहयोग दिया।

देवभूमि खबर

Related articles