भारी बारिश में नैनीताल पुलिस की जनअपील – पहाड़ों पर सफर और नालों के पास जाने से बचें, पुलिस अलर्ट मोड पर

नैनीताल। जनपद नैनीताल में लगातार हो रही भारी वर्षा से भूस्खलन, जलभराव और नदी-नालों के तेज बहाव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने आमजनमानस से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि बिना आवश्यकता पहाड़ी क्षेत्रों की ओर यात्रा न करें और जरूरत पड़ने पर ही मार्ग की स्थिति की जानकारी लेकर यात्रा करें। साथ ही नालों या बहाव वाले स्थानों को पार करने का प्रयास न करने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
भवाली थाना क्षेत्र में छड़ा और नावली के बीच लगातार पत्थर गिरने से मार्ग बाधित है। सड़क को सुचारू करने के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई है और पुलिस मौके पर मौजूद रहकर यात्रियों को मदद प्रदान कर रही है।
इसी बीच भारी बारिश के चलते देवखड़ी हाइडिल, कलसिया गोला बैराज, रकसिया नाला और दमुआडूंगा क्षेत्र में पानी का बहाव काफी तेज हो गया है। स्थिति को देखते हुए सीओ सिटी नितिन लोहनी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं और पुलिस कर्मियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। आसपास के लोगों को पुलिस द्वारा लगातार अनाउंसमेंट कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।
प्रशासन और पुलिस ने साफ किया है कि राहत-बचाव कार्य के लिए टीमें हर समय तैयार हैं। किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिक 112 आपातकालीन नंबर या नैनीताल पुलिस कंट्रोल रूम 9411112979 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने झूठी अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की भी अपील की है।
