नैनीताल पुलिस ने 48 लाख रुपए की स्मैक के साथ दो तस्कर किए गिरफ्तार, पुलिस टीम को मिला ईनाम

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल सहित पूरे जनपद में नशे की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सघन अभियान चला रखा है। इस अभियान के तहत अब कोई भी तस्कर पुलिस की गिरफ्त से बच नहीं पाएगा।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में मिशन ड्रग फ्री देवभूमि के अंतर्गत जनपद में नशे की चेन को तोड़ने और तस्करों की गिरफ्तारी के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे।
इन निर्देशों के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी प्रकाश चन्द्र और क्षेत्राधिकारी नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी अमर चन्द शर्मा के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज मोतीनगर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग हल्द्वानी पर दो तस्करों — तस्लीम खान (36 वर्ष, निवासी बरेली) और राशिद खान (25 वर्ष, निवासी पीलीभीत) को 162.14 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 48 लाख रुपये बताई जा रही है।
दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 355/2025, धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक शीशगढ़ (जनपद बरेली, उत्तर प्रदेश) से हल्द्वानी में तस्करी के उद्देश्य से लाए थे।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक प्रेम राम विश्वकर्मा (चौकी प्रभारी मण्डी), उपनिरीक्षक राजेश जोशी (प्रभारी एसओजी), कानि0 अमर सिंह, कानि0 मोहम्मद अजहर, कानि0 संतोष बिष्ट, कानि0 भूपेन्द्र ज्येष्ठा और कानि0 अरुण राठौर (एसओजी)शामिल रहे।
पुलिस टीम की सराहना करते हुए एसएसपी नैनीताल द्वारा टीम को ₹2,500 की धनराशि से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई।
