दून विश्वविद्यालय में पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान पर तृतीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का सफल आयोजन
देहरादून।दून विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन लॉजिस्टिक्स एंड सप्लाई चेन मैनेजमेंट (CoE-LSCM) तथा सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस (CPPGG) के संयुक्त तत्वावधान में 9-10 जून 2026 को पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान पर द्वितीय दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान, भू-स्थानिक तकनीकों तथा एकीकृत अवसंरचना नियोजन से संबंधित नवीनतम ज्ञान एवं कौशल से अवगत कराना था। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. मनोज कुमार पंत, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (Additional CEO), सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस (CPPGG) द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में उन्होंने पीएम गतिशक्ति पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विभागों के मध्य समन्वय, साक्ष्य-आधारित निर्णय प्रक्रिया तथा सतत विकास के लिए एकीकृत योजना निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान दून विश्वविद्यालय, उत्तराखंड शासन के नियोजन विभाग तथा अन्य विशेषज्ञ संस्थानों के विषय विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान, जीआईएस डेटाबेस निर्माण, जियो-एआई (Geo-AI), भू-स्थानिक डेटा प्रोसेसिंग तथा सुशासन में तकनीकी नवाचारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में हैंड्स-ऑन लैब सत्र, इंटरैक्टिव चर्चाएं, तकनीकी प्रदर्शन तथा क्विज़ सत्र भी आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को विभिन्न डिजिटल एवं भू-स्थानिक उपकरणों के उपयोग का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ।
समापन एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में प्रो. एच. सी. पुरोहित, अधिष्ठाता, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, दून विश्वविद्यालय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा प्रशासनिक दक्षता और सुशासन को सुदृढ़ करने में ऐसे कार्यक्रमों की भूमिका को रेखांकित किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने भी अपने अनुभव एवं सीख साझा की।
कार्यक्रम के सफल समापन पर प्रतिभागियों को प्रो. एच. सी. पुरोहित एवं डॉ. सुधांशु जोशी, समन्वयक, CoE-LSCM द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. नरेश चंद्र (राज्य नोडल अधिकारी, पीएम गतिशक्ति), डॉ. अजय कुक्षाल, अक्षय जायसवाल, नवराज छेत्री, कैलाश रावत, ऐश्वर्या अवनीश, तनुजा एवं उत्कर्षा गुप्ता का महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह कार्यक्रम दून विश्वविद्यालय की ज्ञान-विकास, नवाचार, क्षमता निर्माण तथा प्रभावी शासन एवं एकीकृत अवसंरचना नियोजन के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करता है।

