हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नीलगाय के मांस की तस्करी करते चार आरोपी गिरफ्तार, 220 किलो मांस और वाहन बरामद
हरिद्वार।कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार पुलिस को जंगली जानवरों के शिकार और मांस की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। जंगल में छिपकर जंगली जानवरों का शिकार करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो नीलगाय का मांस ले जा रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत 17 अप्रैल 2025 को कोतवाली लक्सर पुलिस ने चेकिंग के दौरान वाहन संख्या UK17TA 0507 स्वीफ्ट डिज़ायर को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में सवार चार लोगों के कब्जे से 220 किलो नीलगाय का मांस और मांस काटने के उपकरण बरामद किए गए।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी जंगल में शिकार कर मांस की अवैध तस्करी करते थे। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के नाम आजम अली, इरशाद, फैसल और मोहब्बत मलिक हैं, जो सभी सुल्तानपुर क्षेत्र, कोतवाली लक्सर हरिद्वार के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली लक्सर में मु0अ0सं0 431/25 धारा 9/51 वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमल कान्त रतूड़ी, प्रदीप कन्नौजिया, कांस्टेबल महेन्द्र सिंह और कांस्टेबल अनिल वर्मा की अहम भूमिका रही। पुलिस की सतर्कता से वन्यजीव अपराध की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम किया गया है।

