अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों की समस्याओं को लेकर शिक्षा महानिदेशक से की मुलाकात
देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड का एक शिष्टमंडल संघ के प्रान्तीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण एवं प्रान्तीय महामंत्री महादेव मैठाणी के नेतृत्व में शिक्षा महानिदेशक एवं अपर निदेशक से मिला। इस दौरान संघ ने अशासकीय विद्यालयों एवं शिक्षक कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
जिलाध्यक्ष अल्मोड़ा में सेवानिवृत्त शिक्षकों की पेंशन स्वीकृत न किए जाने के कारण ज़िला कार्यकारिणी भूख हड़ताल पर जाने के लिए विवश है। इस पर महानिदेशक ने अपर निदेशक को अविलंब मुख्य शिक्षा अधिकारी अल्मोड़ा को पत्र प्रेषित कर समस्या के निस्तारण हेतु निर्देशित करने को कहा।
संघ ने प्रदेश में टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने की बाध्यता से मुक्त रखने हेतु उच्चतम न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दायर करने संबंधी पत्र भी दिया। इसके अलावा अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों की भांति जूनियर हाईस्कूलों और सम्बद्ध प्राइमरी स्कूलों में कार्यरत पीटीए शिक्षकों को मानदेय प्रदान करने की मांग भी की गई।
शिष्टमंडल ने 01 अक्टूबर 2005 से पूर्व की विज्ञप्ति के अनुसार अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना में सम्मिलित करने, 30 जून और 01 जनवरी को सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को नोशनल वेतन वृद्धि देने, तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण, पीटीए शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि, डाउनग्रेड प्रधानाचार्यों को ढाई वर्ष में पूर्ण वेतन स्केल प्रदान करने और कॉरपोरेट सैलरी पैकेज (वीमा) आदि विषयों पर चर्चा की।
महानिदेशक ने शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण हेतु आश्वासन दिया।
वार्ता में संघ के प्रान्तीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण, प्रान्तीय महामंत्री महादेव मैठाणी, जिलाध्यक्ष देहरादून अनिल नौटियाल, जिलामंत्री विजयपाल सिंह जगवाण, उपाध्यक्ष दिनेश डोबरियाल, विजय सिंह बुटोला सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
