जेसीबी का इंतजार नहीं, कुल्हाड़ी उठाकर इंस्पेक्टर गैरसैंण ने एक घंटे में खुलवाया बंद सड़क मार्ग

जेसीबी का इंतजार नहीं, कुल्हाड़ी उठाकर इंस्पेक्टर गैरसैंण ने एक घंटे में खुलवाया बंद सड़क मार्ग
Spread the love

चमोली। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच गैरसैंण–फरकंडे सड़क मार्ग पर गिरे विशाल पेड़ों से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। ऐसी स्थिति में जेसीबी मशीन का इंतजार करने के बजाय प्रभारी निरीक्षक गैरसैंण मनोज सिरौला ने स्वयं कुल्हाड़ी उठाकर राहत कार्य शुरू किया और स्थानीय लोगों के सहयोग से महज एक घंटे में बंद मार्ग को यातायात के लिए सुचारु करा दिया।

जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के चलते गैरसैंण–फरकंडे मार्ग पर तीन बड़े पेड़ गिर गए थे, जिससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई। मार्ग अवरुद्ध होने से दोनों ओर कई वाहन और यात्री फंस गए तथा आवागमन ठप हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मनोज सिरौला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय जेसीबी मशीन दूसरे स्थान पर मार्ग खोलने के कार्य में व्यस्त थी और तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकती थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर सिरौला ने समय गंवाए बिना थाना गैरसैंण से कुल्हाड़ी मंगवाई और स्वयं स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पेड़ों को काटने का कार्य शुरू कर दिया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों पेड़ों को हटाकर सड़क मार्ग को पूरी तरह यातायात के लिए खोल दिया गया।

मार्ग खुलते ही दोनों ओर फंसे वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए और यात्रियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने विपरीत परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेकर स्वयं राहत कार्य में जुटने वाले प्रभारी निरीक्षक मनोज सिरौला और उनकी पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ रवैये की प्रशंसा की।

देवभूमि खबर

Related articles