कांगड़ा घाट पर SDRF का साहसिक रेस्क्यू, गंगा की तेज धारा में फंसे 8 कांवड़ियों की बचाई जान

कांगड़ा घाट पर SDRF का साहसिक रेस्क्यू, गंगा की तेज धारा में फंसे 8 कांवड़ियों की बचाई जान
Spread the love

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात एसडीआरएफ (SDRF) ने कांगड़ा घाट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गंगा की तेज धारा में फंसे आठ कांवड़ियों का सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। सभी श्रद्धालुओं को प्राथमिक परीक्षण के बाद उनके परिजनों एवं साथियों के सुपुर्द कर दिया गया।

शनिवार को कांगड़ा घाट पर ड्यूटी के दौरान उप निरीक्षक पंकज सिंह खरोला के नेतृत्व में तैनात एसडीआरएफ टीम ने अलग-अलग समय पर गंगा में स्नान करते हुए तेज बहाव की चपेट में आए श्रद्धालुओं को तत्काल रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू किए गए श्रद्धालुओं में कार्तिक (बरेली), राहुल (चंडीगढ़), विनोद (फरीदाबाद), विराज कश्यप (मुजफ्फरनगर), सतीश कुमार (दिल्ली), करन (हरियाणा), विशाल (हरियाणा) और मनीष कुमार (बागपत, उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।

एसडीआरएफ की त्वरित और सतर्क कार्रवाई के चलते सभी श्रद्धालुओं की जान सुरक्षित बचाई जा सकी। रेस्क्यू के बाद सभी का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों व साथियों के सुपुर्द कर दिया गया।

एसडीआरएफ ने कांवड़ यात्रियों और अन्य श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें, केवल निर्धारित क्षेत्रों में ही स्नान करें तथा तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत निकटतम पुलिस या एसडीआरएफ टीम को सूचना दें।

देवभूमि खबर

Related articles