जिलाधिकारी पिथौरागढ़ की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पोषण माह 2024-25 की तैयारियों के लिए बैठक आयोजित
पिथौरागढ़। आगामी 01 सितंबर से 30 सितंबर 2024 तक राष्ट्रीय पोषण माह 2024-25 मनाने की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी रीना जोशी की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और पोषण माह के सफल आयोजन के लिए योजनाओं पर चर्चा की
जिला कार्यक्रम अधिकारी, निर्मल सिंह बसेड़ा, ने बैठक के दौरान बताया कि इस पोषण माह के दौरान बच्चों में एनीमिया के प्रति जागरूकता फैलाने और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए कई शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का आयोजन विद्यालयों, गंगोलीहाट कस्तूरबा गांधी विद्यालय, वनराजी क्षेत्रों और ग्रामों में किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग इन शिविरों में बच्चों को एनीमिया के बारे में जानकारी देगा और उनकी जांच करेगा। इसके साथ ही, आयुष विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में योग शिविर आयोजित किए जाएंगे, और सीडीपीओ, सुपरवाइजर, एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा फील्ड विजिट के दौरान बच्चों के वृद्धि मापन का सत्यापन किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी रीना जोशी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बाल विकास विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पोषण माह के दौरान निर्धारित कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संचालित करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग इस अभियान में अपनी पूरी भूमिका निभाएं और जनपद में पोषण स्तर को सुधारने के लिए प्रतिबद्ध रहें।
बैठक में सीएमओ एच.एस. ह्यांकी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी चंद्रकला भैसोड़ा, जिला खेल अधिकारी अनूप बिष्ट, और डीपीआरओ हरीश आर्या सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

