पौड़ी में पोषण सप्ताह का समापन, पारंपरिक व्यंजनों और लोक संस्कृति की झलक ने मन मोह लिया
पौड़ी। पौड़ी प्रेक्षागृह में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण सप्ताह का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित विधायक पौड़ी व्यक्तिगत कारणों से उपस्थित नहीं हो सके, जिसके बाद विशिष्ट अतिथियों द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा जिला अध्यक्ष पौड़ी और ब्लॉक प्रमुख पौड़ी का विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम के समापन सत्र में जिलाधिकारी पौड़ी द्वारा प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास पौड़ी ने पूरे आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। समारोह में पांच ब्लॉकों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जिनमें पौष्टिक एवं पारंपरिक व्यंजनों की भरमार रही।
इस आयोजन का सबसे आकर्षक केंद्र पावौ ब्लॉक का स्टॉल रहा, जहां लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाना और सिलवटे में चटनी पीसने का प्रदर्शन किया गया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
प्रतियोगिता में कोट ब्लॉक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पौड़ी और खिरसू ब्लॉक संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे। तीसरा स्थान कलजीखाल ब्लॉक को मिला, वहीं सांत्वना पुरस्कार पावौ ब्लॉक को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी किशोरी बालिकाओं को किट वितरित की गईं और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
