राज्य स्थापना रजत जयंती पर 6 नवम्बर को आईटीआई निरंजनपुर में वृहद रोजगार मेला, 40 से अधिक कंपनियां करेंगी प्रतिभाग
देहरादून। राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा ‘‘कौशल एवं रोजगार महोत्सव-2025’’ के अंतर्गत 6 नवम्बर 2025 को आईटीआई निरंजनपुर, देहरादून में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में उत्तराखण्ड के युवाओं को देश और विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 40 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के शामिल होने की संभावना है।
मेले में फार्मा, मैन्युफैक्चरिंग, हॉस्पिटैलिटी, सर्विस, सिक्योरिटी, मार्केटिंग, ऑटोमोबाइल एवं हेल्थकेयर सेक्टर से जुड़ी प्रमुख कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों की जानकारी के लिए भी विभिन्न संस्थाएं मौजूद रहेंगी। इस रोजगार मेले में 8वीं से स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा, डी-फार्मा, बी-फार्मा जैसी विभिन्न शैक्षिक योग्यताओं वाले अभ्यर्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम के दौरान कौशल विकास, उद्योग, पर्यटन सहित कई विभागों द्वारा सेक्टोरल सत्रों का भी आयोजन किया जाएगा। इनमें सफल उद्यमियों, स्टार्टअप्स और विषय विशेषज्ञों द्वारा अपने अनुभव साझा कर युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थी क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून में पंजीकरण करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी संबंधित कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
