एसएसपी मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देश पर अपराधियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, बोलेरो व बस में तोड़फोड़-फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो शातिर गिरफ्तार
उद्यम सिंह नगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देशों के अनुपालन में जनपद पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना कुंडा क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 734 पर बोलेरो व यात्री बस में तोड़फोड़ व फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो शातिर अपराधियों सलमान पुत्र इरशाद निवासी गढ़मुक्तेश्वर और फैसल पुत्र मोहम्मद असलम निवासी शिवदयाल कॉलोनी हापुड़ को पुलिस ने सामिया कॉलोनी हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 22/23 मार्च 2025 की रात को घटित हुई थी, जिसमें अभियुक्तों ने स्कॉर्पियो और लेंड रोवर डिस्कवरी स्पोर्ट कार से वादी शैलेंद्र उर्फ शीलू की बोलेरो (UK08PA-7686) और यात्रियों से भरी बस (UK08PA-2209) पर एक से अधिक बार फायरिंग की, तोड़फोड़ की तथा जान से मारने की धमकी दी। वारदात का उद्देश्य देहरादून से लखीमपुर खीरी सड़क मार्ग पर यात्री वाहन संचालन पर अवैध रूप से दबदबा कायम करना था। इससे पूर्व 19 मार्च 2025 को कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में भी अभियुक्तों द्वारा इसी प्रकार की घटना अंजाम दी गई थी, जिसके संबंध में FIR संख्या 131/25 दर्ज है। घटना की सूचना पर एसएसपी श्री मणिकांत मिश्रा द्वारा गंभीरता से संज्ञान लेते हुए तत्काल थाना कुंडा में FIR संख्या 68/25 धारा 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे तथा अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमों द्वारा तकनीकी विश्लेषण, 150 से अधिक CCTV कैमरों की जांच, मोबाइल नंबरों की CDR और सुरागरसी के माध्यम से अभियुक्तों की पहचान की गई, जिनमें सलमान, फैसल, शाहिनूर, सौरभ उर्फ टीनू और फैसल उर्फ राजा के नाम प्रकाश में आए। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों द्वारा लगातार ठिकाने बदले जा रहे थे, परंतु पुलिस की सक्रियता से फरार चल रहे सलमान और फैसल को हापुड़ से दबोच लिया गया। अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो अवैध तमंचे 315 बोर मय एक खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं, जिस पर आयुध अधिनियम की धारा 25(क)ख की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा तथा शेष फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक हरेंद्र चौधरी, उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह, सुरेंद्र सिंह, जगदीश तिवारी, कांस्टेबल योगेश चौधरी, राजकुमार व धर्मेंद्र भारती शामिल रहे।

