केदारनाथ धाम में ‘ऑपरेशन कालनेमि’: बिना सत्यापन और आधार के रह रहे 15 बाबाओं पर कार्रवाई

केदारनाथ धाम में ‘ऑपरेशन कालनेमि’: बिना सत्यापन और आधार के रह रहे 15 बाबाओं पर कार्रवाई
Spread the love

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम की सुरक्षा, पवित्रता और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। यात्रा मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस चौकी केदारनाथ की टीम ने धाम में रह रहे बाबाओं के पहचान पत्र एवं पुलिस सत्यापन की गहन जांच की।
अभियान के दौरान कई ऐसे बाबा पाए गए, जो बिना वैध पुलिस सत्यापन के केदारनाथ धाम में रह रहे थे। पुलिस ने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।

जांच के दौरान कुछ ऐसे व्यक्तियों की भी पहचान हुई, जिनके पास कोई वैध आधार कार्ड नहीं था। सुरक्षा की दृष्टि से इसे गंभीर मानते हुए पुलिस ने उनका भी चालान किया और उन्हें तत्काल केदारनाथ धाम से गौरीकुंड के लिए रवाना कर दिया।

संयुक्त अभियान के दौरान कुल 15 व्यक्तियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ धाम की सुरक्षा एवं मर्यादा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निष्कंटक बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के औचक जांच अभियान और आवश्यक कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles