नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 2 सितंबर को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

रिपोर्ट—ललित जोशी
नैनीताल। मौसम विभाग द्वारा जनपद नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने 2 सितंबर 2026, बुधवार को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 1 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 2 सितंबर को नैनीताल जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज के साथ आकाशीय बिजली तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
वर्तमान में जिले के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। संभावित खतरे को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार 2 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य किया गया है।
हालांकि, यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शिक्षण संस्थानों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
