राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रमों में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाए: मुख्यमंत्री धामी

राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रमों में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाए: मुख्यमंत्री धामी
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 09 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए तथा इसमें आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने नन्दा राज जात यात्रा मार्गों के रखरखाव एवं रात्रि पड़ाव स्थलों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास हेतु शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने हाल ही में आई आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में सभी संस्थानों एवं अधिकारियों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।

सीएम धामी ने शहरों में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने, खाद्य सामग्री में मिलावटखोरी रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाने तथा प्रदेश में पूर्ण होने वाली फ्लैगशिप योजनाओं व कार्यक्रमों का पूर्ण विवरण तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्माण और नव-निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया।

सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों पर विशेष बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण व मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। जिन क्षेत्रों से बार-बार सड़क संबंधी शिकायतें आ रही हैं, वहां विशेष निगरानी रखने और गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश दिए।

सीएम ने गड्ढा मुक्त सड़क अभियान की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा 31 अक्टूबर तक पैचवर्क पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने के भी आदेश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्री शैलेश बगोली, श्री विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक श्री ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते एवं अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles