गैंग बनाकर जमीनों की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह पर पौड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज

Spread the love

पौड़ी ।पुलिस ने जमीनों की फर्जी रजिस्ट्रियां कर धोखाधड़ी से अवैध धन अर्जित करने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश्वर सिंह के निर्देशन में कोटद्वार पुलिस ने इस गिरोह के सरगना कुसुम उर्फ कौशर सहित कई अन्य सदस्यों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

गिरोह लंबे समय से कोटद्वार क्षेत्र में सक्रिय था और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीनों की रजिस्ट्री कर लोगों को ठगता था। इस गिरोह के चार सदस्य पहले से ही जिला कारागार में निरुद्ध हैं, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। कोटद्वार कोतवाली में इस गिरोह के खिलाफ कई मामले पहले से दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी, जालसाजी और षड्यंत्र जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।

कोटद्वार पुलिस ने गैंग लीडर कुसुम उर्फ कौशर समेत अनामिका मैठानी, नाजिया मसूरी (एडवोकेट), भूपेंद्र सिंह, सतेश्वरी देवी, मकबूल अहमद उर्फ भुट्टो और दुर्गा देवी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। इन सभी पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 419, 467, 468, 471 और 120बी शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में अवैध गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी धोखाधड़ी की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। पौड़ी पुलिस संगठित अपराध और जमीनों की धोखाधड़ी करने वाले अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्ती से कदम उठाए जाएंगे।

देवभूमि खबर

Related articles