HTML tutorial
HTML tutorial

पौड़ी पुलिस की सूझबूझ और सतर्कता से मिली बड़ी सफलता — विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 2.20 लाख की ठगी करने वाला अभियुक्त जयपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार

पौड़ी पुलिस की सूझबूझ और सतर्कता से मिली बड़ी सफलता — विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 2.20 लाख की ठगी करने वाला अभियुक्त जयपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार
Spread the love

पौड़ी। पौड़ी पुलिस ने सूझबूझ और सतर्कता का परिचय देते हुए एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने युवकों को विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देकर ₹2.20 लाख की ठगी की थी। लगातार सर्विलांस और इंटेलिजेंस इनपुट्स के आधार पर पुलिस टीम ने लंबी मेहनत के बाद अभियुक्त को जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से धर दबोचा।

मामला 06 अगस्त 2024 का है, जब वादी अनूप चौहान निवासी पाबौ ने कोतवाली पौड़ी में तहरीर दी थी कि कुलदीप रावत निवासी पौड़ी ने उन्हें और उनके एक मित्र को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹2,20,000 ठग लिए और अर्मेनिया बुलाकर वहां से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली पौड़ी में मुकदमा अपराध संख्या 41/2024, धारा 420 भा.दं.सं. के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह ने आमजन के साथ हो रही ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल यूनिट को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देशों पर क्षेत्राधिकारी पौड़ी श्री तुषार बोरा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक पौड़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार सुरागरसी, पतारसी और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से अभियुक्त के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि अभियुक्त कुलदीप सिंह रावत विदेश (अर्मेनिया) में रह रहा है। इस पर पुलिस ने न्यायालय से एन.बी.डब्ल्यू. जारी कराया और अभियुक्त के विरुद्ध लुक आउट नोटिस जारी हुआ।

लगातार कई महीनों की तकनीकी मॉनिटरिंग और ट्रैकिंग के बाद पौड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली और दिनांक 06 अक्टूबर 2025 को टीम ने अभियुक्त कुलदीप रावत को जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को मा० न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जिला कारागार पौड़ी भेजा गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कुलदीप रावत पुत्र हरेन्द्र रावत, निवासी ग्राम निसणी, बुआखाल, जनपद पौड़ी गढ़वाल (आयु 36 वर्ष) के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नवीन पुरोहित, हे0का0 नरेन्द्र सिंह और हे0का0 बारू दत्त शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

देवभूमि खबर

Related articles