पिथौरागढ़ में “मां इन्द्राक्षी मत्स्य सहेली आउटलेट” का भव्य शुभारंभ — महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में उठाया गया सशक्त कदम
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत “मत्स्य सहेली” के क्रियान्वयन हेतु महिलाओं की स्वायत्त सहकारिता का गठन कर नगर निगम क्षेत्र में “मां इन्द्राक्षी मत्स्य सहेली आउटलेट” का आज भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री विनोद गोस्वामी एवं नगर निगम मेयर श्रीमती कल्पना देवलाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका विधिवत उद्घाटन किया।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को मछली से बने विभिन्न उत्पादों का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। सहकारी समिति के माध्यम से महिलाएं फिश आचार, फिश मोमो, फिश पापड़, फिश बॉल्स, फिश फिंगर, फिश कटलेट आदि उत्पाद तैयार कर इन्हें स्थानीय बाजार में बेचेंगी। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर उत्पादित ताजी मछलियों की बिक्री भी इस आउटलेट के माध्यम से की जाएगी।
मछली पालन के क्षेत्र में अब तक पुरुषों की प्रमुख भूमिका रही है, लेकिन इस पहल के माध्यम से महिलाओं को भी इस क्षेत्र से जोड़ा जा रहा है। पुरुष जहां मछली पालन करेंगे, वहीं महिलाओं की सहकारी समिति उनके उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का कार्य करेगी। इससे न केवल ग्रामीण पुरुषों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलेगा, बल्कि स्थानीय महिलाओं को रोजगार का अवसर भी प्राप्त होगा। यह पहल महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
जिलाधिकारी श्री विनोद गोस्वामी एवं मेयर श्रीमती कल्पना देवलाल ने कहा कि यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाएगी, बल्कि स्थानीय उत्पादों को पहचान देने में भी मददगार साबित होगी। प्रशासन की ओर से इस पहल को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि यह मॉडल राज्यभर में महिला सशक्तिकरण का उदाहरण बन सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ० दीपक सैनी, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेन्द्र चौधरी, सहायक निदेशक मत्स्य डॉ० रमेश चलाल, राकेश देवलाल, नगर निगम के अधिकारी, मत्स्य विभाग के कर्मचारी, सहकारी समिति की महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

