रायपुर में बुजुर्ग दंपति समेत तीन की हत्या का खुलासा, प्लंबर गिरफ्तार

देहरादून। रायपुर क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में बुजुर्ग दंपति और एक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी प्लंबर राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने पेचकस से हमला कर बुजुर्ग दंपति की हत्या कर दी। इसी दौरान बीच-बचाव करने आई महिला पर भी आरोपी ने पेचकस से हमला कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पेचकस बरामद कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक सोने की चेन भी बरामद हुई है।
घटना मंगलवार 6 अक्टूबर 2026 को अपराह्न करीब 3:10 बजे सामने आई। कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना रायपुर पुलिस को तपोवन क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा घर में चोरी करने और स्थानीय लोगों द्वारा उसे पकड़ लिए जाने की सूचना मिली। सूचना पर थानाध्यक्ष रायपुर पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ने घर में रहने वाले बुजुर्ग दंपति और एक महिला पर पेचकस से हमला करने की बात बताई। घर के अंदर बुजुर्ग दंपति और महिला लहूलुहान अवस्था में अचेत पड़े मिले। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फॉरेंसिक एवं फील्ड यूनिट की टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराते हुए साक्ष्य संकलित किए गए। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए हिरासत में लिए गए आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के अवलोकन में आरोपी बुजुर्ग दंपति के घर की ओर अकेला जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस द्वारा अन्य सीसीटीवी फुटेज का भी गहनता से अवलोकन किया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह प्लंबर का काम करता है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपति के घर पर प्लंबिंग का कार्य करने आता था। मंगलवार को भी बुजुर्ग दंपति ने उसे प्लंबिंग के काम के लिए अपने घर बुलाया था। काम पूरा करने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर उसकी बुजुर्ग दंपति से कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे पेचकस से दोनों पर हमला कर दिया।
इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली नौकरानी तिलया देवी उर्फ शीला ने बुजुर्ग दंपति की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार पुत्र वीरेन्द्र सिंह, निवासी इन्द्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास, थाना कोतवाली नगर, देहरादून के रूप में हुई है। उसका मूल निवास बांदा, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश बताया गया है।
मृतकों में रजनी कपूर पत्नी रमेश चंद्र कपूर, निवासी लेन नंबर दो, विष्णुलोक कॉलोनी, तपोवन रोड, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 75 वर्ष; रमेश कपूर पुत्र स्वर्गीय द्वारिका दास कपूर, उम्र 80 वर्ष; तथा तिलया देवी उर्फ शीला पत्नी स्वर्गीय पवन राम, निवासी बिहारी बस्ती, विद्या विहार, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 48 वर्ष शामिल हैं।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आला कत्ल पेचकस बरामद कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की गहनता से जांच करते हुए आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है।


