दून हॉस्पिटल के सामने फायरिंग की घटना का पुलिस ने किया अनावरण , दो बदमाश मुठभेड़ में घायल, तीन गिरफ्तार

दून हॉस्पिटल के सामने फायरिंग की घटना का पुलिस ने किया अनावरण , दो बदमाश मुठभेड़ में घायल, तीन गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।दून हास्पिटल के सामने युवक पर गोली चलाने की घटना को अंजाम देने वाले दो अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए हैं, जबकि घटना में शामिल तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने जानकारी देते हुए बताया कि

पैसों के लेनदेन के विवाद में पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्तों के कहने पर इन अभियुक्तों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया था। कंट्रोल रूम के माध्यम से स्कूटी सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों के डोईवाला की ओर आने की सूचना मिली थी। पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान रोके जाने पर अभियुक्त मौके से फरार हो गए।

पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर अभियुक्तों ने पुलिस पर फायर किया, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई पुलिस की फायरिंग में दो बदमाशों के पैरों पर गोली लगी। अभियुक्तों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक चाकू तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई। मौके से फरार तीसरे साथी को तड़के सुबह कांबिंग के दौरान पुलिस ने डोईवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

थाना डोईवाला क्षेत्र में दून हास्पिटल के सामने एक युवक को गोली मारने की घटना के संबंध में दर्ज मुकदमे में पुलिस ने पहले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपियों की तलाश में एसएसपी देहरादून ने कई टीमों का गठन किया। लगातार पतारसी और मुखबिर तंत्र के सक्रिय होने पर पुलिस को 22 अक्टूबर की रात तीन संदिग्धों के छिद्दरवाला से लालतप्पड़ की ओर आने की सूचना मिली।

पुलिस ने बैरिकेडिंग कर चेकिंग शुरू की तो संदिग्ध स्कूटी दिखाई दी। पुलिस को देखकर तीनों युवक स्कूटी मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उन्होंने स्कूटी जंगल की ओर मोड़ दी। काली मंदिर के पास स्कूटी फिसलने से गिर गई। पुलिस के पीछा करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से जवाबी फायर में दो बदमाश घायल हो गए।

पूछताछ में उनकी पहचान सोहेल खान पुत्र नूर मोहम्मद निवासी करनपुर, उम्र 25 वर्ष, तथा सानू पुत्र नौशाद निवासी नालापानी रोड करनपुर, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई। अभियुक्तों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उन्होंने अपने साथियों काव्यांश धामा, रोहन और विशाल के कहने पर दून हॉस्पिटल के पास दिशान्त नाम के युवक पर गोली चलाई थी। दिशान्त और काव्यांश के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस पूर्व में रोहन और विशाल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

घायल अभियुक्तों का तीसरा साथी जावेद पुत्र अब्दुल रहमान निवासी सहारनपुर मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने तड़के सुबह कांबिंग के दौरान डोईवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

अभियुक्तों के विरुद्ध पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और अवैध हथियार रखने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों घायल अभियुक्तों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के सफल अनावरण और कुल पांच अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा दून पुलिस टीम को दस हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।

इस कार्रवाई में डोईवाला पुलिस, कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी टीम देहरादून की संयुक्त टीम शामिल रही।

देवभूमि खबर

Related articles