महिला आरक्षण पर सियासत तेज, गरिमा दसौनी का भाजपा पर तीखा हमला

महिला आरक्षण पर सियासत तेज, गरिमा दसौनी का भाजपा पर तीखा हमला
Spread the love

देहरादून। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेत्री गरिमा मेहरा दसौनी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा प्रदेशभर में आक्रोश रैलियों की घोषणा और विपक्ष पर लगाए जा रहे आरोप भ्रामक और तथ्यहीन हैं।

गरिमा दसौनी ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2023 में संसद के दोनों सदनों में महिला आरक्षण विधेयक सर्वसम्मति से पारित हो चुका है, इसके बावजूद भाजपा इसे विपक्ष के विरोध से जोड़कर पेश कर रही है। उन्होंने इसे जनता का ध्यान भटकाने की रणनीति बताया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा नेताओं के खिलाफ “गो बैक” के नारे लगना जनता के बदलते मूड का संकेत है। रुड़की और टिहरी (पीपलकोटी) में हालिया दौरों के दौरान हुए विरोध का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह आक्रोश भाजपा की नीतियों और कार्यशैली के खिलाफ है।
गरिमा दसौनी ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के बयान का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी के अंदर भी स्थिति को लेकर असंतोष है। उन्होंने कहा कि केवल “मोदी मैजिक” से काम नहीं चलेगा, जमीनी स्तर पर काम करना जरूरी है।

उन्होंने राज्य में जल जीवन मिशन के तहत अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। भाजपा सरकार इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए नए विवाद खड़े कर रही है।

अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और भाजपा के दुष्प्रचार का तथ्यात्मक जवाब दिया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles