प्रेमनगर ब्लाइंड मर्डर का 12 घंटे में खुलासा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की थी पति की हत्या

प्रेमनगर ब्लाइंड मर्डर का 12 घंटे में खुलासा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की थी पति की हत्या
Spread the love

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में मंडुवाला के जंगल में हुई युवक की हत्या का दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। दोनों ने शराब पिलाने के बहाने मृतक को जंगल में ले जाकर धारदार चाकू से उसकी हत्या कर दी और शव को खाई में फेंक दिया था।

जानकारी के अनुसार 3 अक्टूबर 2026 को प्रेमनगर थाना पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से मंडुवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में खाई में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर थानाध्यक्ष प्रेमनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान मदन मुखिया पुत्र बालेश्वर मुखिया, निवासी बोनगांव, जिला सहरसा, बिहार, उम्र 38 वर्ष, हाल निवासी मंडुवाला, झाझरा, देहरादून के रूप में हुई। मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक के मकान मालिक सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास तथा आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही आसपास रहने वाले मजदूरों का सत्यापन करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

पुलिस को 3 अक्टूबर को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर मंडुवाला स्थित बालासुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने मृतक की पत्नी मीना देवी के साथ मिलकर मदन मुखिया की हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू घटनास्थल के पास झाड़ियों से बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना देवी को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि लल्लन शर्मा और मृतक की पत्नी मीना देवी के बीच पिछले करीब दो-तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस के अनुसार दो दिन पूर्व मंडुवाला में तिरुपति मंदिर में मजदूरी के दौरान मदन मुखिया ने लल्लन का मोबाइल फोन चेक किया था। फोन में उसे अपनी पत्नी और लल्लन की तस्वीरें एवं वीडियो दिखाई दिए। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने तथा उनके संबंधों की जानकारी अन्य लोगों को देने की धमकी दी थी।

पुलिस के मुताबिक इसी बात से घबराकर लल्लन ने मीना के साथ मिलकर मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत मीना देवी मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से लगे जंगल में ले गई। वहां शराब पिलाने के बाद जब मदन नशे में हो गया तो दोनों ने मिलकर चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया गया और वारदात में प्रयुक्त चाकू को झाड़ियों में छिपा दिया गया।

पुलिस ने हत्या के आरोप में लल्लन शर्मा पुत्र गणेश शर्मा, निवासी सहरसा बिहार, उम्र 23 वर्ष, हाल निवासी मंडुवाला, प्रेमनगर और मीना देवी पत्नी मदन, निवासी बोनगांव, जिला सहरसा, बिहार, उम्र 30 वर्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रेमनगर उपनिरीक्षक गिरीश नेगी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत, चौकी प्रभारी झाझरा उपनिरीक्षक प्रद्युम्न सिंह नेगी, उपनिरीक्षक जगदम्बा प्रसाद बहुगुणा, कांस्टेबल रोबिन सिंह, कांस्टेबल अमरेंद्र, महिला कांस्टेबल सुशीला और कांस्टेबल चालक जी.एस. सैनी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles