श्री केदारनाथ धाम की यात्रा तैयारियों में तेजी, बीकेटीसी का 18 सदस्यीय अग्रिम दल रवाना

श्री केदारनाथ धाम की यात्रा तैयारियों में तेजी, बीकेटीसी का 18 सदस्यीय अग्रिम दल रवाना
Spread the love

रुद्रप्रयाग ।जनपद के उखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर से श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) का 18 सदस्यीय अग्रिम दल शुक्रवार को केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। यह दल सहायक अभियंता और प्रभारी अधिकारी गिरीश देवली के नेतृत्व में धाम की यात्रा व्यवस्थाओं की अंतिम तैयारियों के उद्देश्य से भेजा गया है।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि यह दल केदारनाथ मंदिर परिसर में आवश्यक मरम्मत, विद्युत एवं जलापूर्ति, रंग-रोगन, सौंदर्यीकरण, दर्शन पंक्ति में सुधार और रैन शेल्टर की व्यवस्था जैसे कार्यों को सुनिश्चित करेगा, ताकि 2 मई को कपाटोद्घाटन से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण की जा सकें।

बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, अग्रिम दल में अभियंता, वर्क सुपरवाइजर, भंडार प्रभारी, विद्युतकर्मी, प्लंबर, स्वयंसेवक, सफाई कर्मचारी, बेलदार और मजदूर शामिल हैं। यह दल यात्रा पूर्व व्यवस्थाओं का निरीक्षण और सुधार करेगा।

उल्लेखनीय है कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 2 मई को खोले जाएंगे। इससे पहले भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली 28 अप्रैल को श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ से धाम के लिए प्रस्थान करेगी और 1 मई की संध्या को श्री केदारनाथ धाम पहुंचेगी। इसी क्रम में मंदिर समिति का अग्रिम दल 7 अप्रैल को बदरीनाथ धाम भी भेजा जा चुका है।

केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान करने वाले इस दल में गिरीश देवली (सहायक अभियंता), वैद्य लोकेन्द्र रूवाड़ी, भंडार प्रभारी उमेश शुक्ला, अवर अभियंता विपिन कुमार, विद्युतकर्मी जगमोहन पंवार व नवीन बर्त्वाल, सुपरवाइजर किशोर कन्हैया, स्वयंसेवक भोला कुंवर, आलोक बजवाल, दीपक सिंह राणा, सौरभ सिंह, अनिल पंवार, विनोद कोटवाल, देवेश सिंह, अनूप सिंह, बेलदार ठयाडे साही, स्वच्छक श्रीकांत और मल्लू शामिल हैं।

श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से दल के प्रस्थान के समय वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं केदारनाथ प्रभारी यदुवीर पुष्पवान, पुजारी शिवशंकर लिंग, बागेश लिंग और कुलदीप धर्म्वाण आदि उपस्थित रहे। अग्रिम दल के गौरीकुंड पहुंचने पर प्रबंधक कैलाश बगवाड़ी ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद दल ने माता गौरी मंदिर में दर्शन कर श्री केदारनाथ धाम के लिए पैदल प्रस्थान किया। देर शाम तक दल के धाम पहुंचने की संभावना है।

देवभूमि खबर

Related articles