
हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 51 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 28 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को समाधान हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, पेयजल एवं सीवर जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। शिकायतकर्ताओं में गुलफाम पुत्र जाहिर खान द्वारा पुत्री का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने, अजय नौटियाल द्वारा भूमि पैमाइश, तेजपाल द्वारा खसरा संख्या 285 की भूमि पैमाइश, तथा शैफील्ड स्कूल प्रबंधन द्वारा सिडकुल क्षेत्र में सड़क एवं सीवर समस्या को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त विवेक विहार कॉलोनी में जलभराव, मदन बस्ती में विद्युत कनेक्शन, ब्रह्मपुरी में अधूरी नाली निर्माण तथा ग्राम औरंगाबाद में पेयजल कनेक्शन से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज कराई गईं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां आपसी समन्वय से निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सख्त हिदायत दी कि कोई भी शिकायतकर्ता अपनी समस्या को लेकर दोबारा जनसुनवाई में न पहुंचे। यदि समय पर निस्तारण संभव होने के बावजूद शिकायत लंबित पाई गई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर दर्ज सभी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों को तत्काल निपटाने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 536 तथा एल-2 स्तर पर 116 शिकायतें लंबित पाई गईं, जिनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ताओं से सिस्टम के माध्यम से फोन पर संवाद कर फीडबैक भी प्राप्त करें।
बैठक मे अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान,जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश,सहायक परियोजना निर्देशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल,प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा)मीनाक्षी मित्तल,जिला अर्थ संख्या आधिकारी नलिनी ध्यानी,मुख्य कृषि अधिकारी गोपाल सिंह भण्डारी,जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरूंग, परियोजना निर्देशक उरेडा वाई एस बिष्ट सहित जिला स्तरीय सम्बन्धित अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

