रायवाला में मंदिर चोरी का 24 घंटे में खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार, नाबालिग सहयोगी संरक्षण में
देहरादून।रायवाला क्षेत्र में स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। दोनों के कब्जे से 1 लाख 72 हजार रुपये नकद और मंदिर से चोरी किया गया पीतल का घंटा, चांदी के छत्र सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
दिनांक 18 अप्रैल को श्री राजकिशोर तिवारी निवासी सत्यनारायण मंदिर, रायवाला द्वारा थाना रायवाला में तहरीर दी गई कि 17-18 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर दान पात्र व अलमारी से नकदी और अन्य सामग्री चोरी कर ली है। तहरीर के आधार पर थाना रायवाला में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा पुलिस टीम को तत्काल घटना के अनावरण के निर्देश दिए गए।
घटना स्थल और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दिखे संदिग्धों की पहचान के लिए मैनुअल पुलिसिंग करते हुए पहले से जेल जा चुके अपराधियों की गतिविधियों का भौतिक सत्यापन किया गया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुराने रेलवे अंडरपास के पास से दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने मंदिर में चोरी की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पवन नेगी पुत्र बलबीर सिंह नेगी निवासी वैदिक नगर तृतीय, रायवाला के रूप में हुई, जबकि दूसरा आरोपी नाबालिग निकला, जिसे पुलिस संरक्षण में लिया गया। दोनों के पास से मौके पर 5-5 हजार रुपये नकद बरामद हुए। सख्ती से पूछताछ करने पर उनकी निशानदेही पर मुर्गी फार्म के पास एक खाली प्लॉट से खड्डा खोदकर दबाई गई शेष नकदी व चोरी का सामान भी बरामद किया गया।
पूछताछ में पवन नेगी ने बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं और छोटी-मोटी मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। अपने नशे की लत और खर्चों को पूरा करने के लिए उन्होंने यह चोरी की। जांच में पता चला कि दोनों अभियुक्त पूर्व में भी चोरी और अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं।
पवन नेगी के आपराधिक इतिहास में पहले भी चार मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें थाना रायवाला और डोईवाला में दर्ज विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामले शामिल हैं। वहीं, विधि विवादित किशोर के खिलाफ भी पूर्व में दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बीएल भारती, व0उ0नि0 मनबर नेगी, उ0नि0 कुशाल सिंह, अ0उ0नि0 राम निवास, का0 धर्मालाल और का0 प्रवीण सैनी शामिल रहे, जिनके अथक प्रयासों से इस घटना का खुलासा संभव हो सका।

