अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तराखंड में होंगे भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री ने योग को रोजगार और जनभागीदारी से जोड़ने के दिए निर्देश
देहरादून। आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में राज्यव्यापी योग कार्यक्रमों की भव्य तैयारी की जा रही है। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योग दिवस को जनसहभागिता के साथ व्यापक रूप में मनाया जाए। उन्होंने कहा कि योग हमारी प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है और आज के समय में यह स्वस्थ जीवन शैली का प्रभावी माध्यम भी है।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान ग्राम स्तर तक योग अभियान चलाने, विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष योग शिविर आयोजित करने तथा योग पर आधारित निबंध, भाषण, पोस्टर व पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योग और आयुष मेलों के आयोजन के साथ ही हरित योग कार्यक्रमों के तहत वृक्षारोपण अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल माध्यम से योग के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा दिया जाए और इस क्षेत्र में जनजागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाए। उन्होंने योग को रोजगार से जोड़ने के लिए भी ठोस योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को अधिक से अधिक संख्या में योग से जोड़ा जाना चाहिए और योग कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड, योग की पवित्र भूमि है और यहां से पूरी दुनिया को योग का संदेश गया है, इसलिए राज्य में आयोजित कार्यक्रमों की एक अलग पहचान होनी चाहिए। योग के साथ-साथ जनसहभागिता से नियमित स्वच्छता अभियान भी चलाए जाएं और राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं पर्वतीय क्षेत्रों में भी भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
उन्होंने आयुष विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पर्यटन विभाग, सूचना विभाग, युवा कल्याण विभाग और जिला प्रशासन को समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए ताकि सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित और प्रभावशाली रूप से संपन्न किए जा सकें।
बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, रविनाथ रमन, सचिन कुर्वे, एडीजी ए.पी. अंशुमन, अपर सचिव विजय जोगदंडे और महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

