बचाव एवं राहत कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता: माला राज्य लक्ष्मी शाह

Spread the love

उत्तरकाशी। टिहरी लोकसभा सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में आई भीषण प्राकृतिक आपदा पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने आपदा में हताहत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

सांसद ने बताया कि वे लगातार जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं। एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीमों को त्वरित राहत व बचाव कार्यों के लिए निर्देशित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग को भी मोबाइल टीमों के साथ तैयार रखा गया है, ताकि समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

माला राज्य लक्ष्मी शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री श्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से बात कर राहत कार्यों में हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। केंद्र सरकार स्तर पर भी घटना की लगातार निगरानी की जा रही है।

उन्होंने जनता, स्थानीय नागरिकों व पार्टी कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे आगे आकर इस संकट की घड़ी में प्रभावित लोगों की मदद करें और राहत कार्यों में प्रशासन का सहयोग करें।

देवभूमि खबर

Related articles