उत्तरकाशी आपदा: धराली में युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी,एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना व आईटीबीपी की टीमें तैनात

उत्तरकाशी आपदा: धराली में युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी,एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना व आईटीबीपी की टीमें तैनात
Spread the love

उत्तरकाशी। जनपद के धराली क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बादल फटने की घटना के बाद स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई है। तहसील भटवाड़ी और थाना हर्षिल के अंतर्गत खीर गाड़ में जलस्तर अचानक बढ़ने से धराली बाजार में भारी मलबा आ गया, जिससे कई होटल, भवन व दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन दल, सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं।

उत्तरकाशी के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके के लिए रवाना हो चुके हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और आर्मी की अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल के लिए भेजी गई हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) देहरादून और जिला केंद्र (DEOC) लगातार समन्वय कर रहे हैं। प्रभारी मुख्य सचिव आरके सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ समेत वरिष्ठ अधिकारी राहत अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

वायुसेना से दो एमआई हेलीकॉप्टर और एक चिनूक हेलीकॉप्टर की मांग की गई है, जबकि यूकाडा के दो हेलीकॉप्टर भी तैयार रखे गए हैं। घटनास्थल से निकटवर्ती अस्पतालों में बेड आरक्षित किए गए हैं और AIIMS ऋषिकेश एवं दून अस्पताल को अलर्ट कर दिया गया है। एसडीआरएफ ने घटनास्थल पर विक्टिम लोकेशन कैमरा, थर्मल इमेजिंग कैमरा, ड्रोन व अन्य जरूरी उपकरण भेजे हैं।

सड़क मार्ग बाधित होने और मौसम खराब होने के कारण राहत दलों को कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन मार्ग खोलने के लिए BRO और PWD सक्रिय हैं। जल्द ही मौसम अनुकूल होते ही वायु सहायता भी शुरू की जाएगी।

हेल्पलाइन नंबर:
जिला आपातकालीन केंद्र, उत्तरकाशी
📞 01374-222722, 7310913129, 7500737269
टोल फ्री – 1077, ERSS – 112

राज्य आपातकालीन केंद्र, देहरादून
📞 0135-2710334, 2710335, 8218867005, 9058441404
टोल फ्री – 1070, ERSS – 112

घटना में मृतक या घायलों की जानकारी हेतु उपरोक्त हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।

देवभूमि खबर

Related articles