वीर सैनिकों को सम्मान, वीर रस में काव्य की बूँदें संस्कार इंटरनेशनल स्कूल में हुआ भावुक कर देने वाला कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम
देहरादून। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को संस्कार इंटरनेशनल स्कूल, बद्रीपुर में “वीर सैनिक सम्मान समारोह एवं देशभक्ति (वीर रस) काव्य पाठ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन सोसायटी ऑफ मिशन (गौ, गंगा, गांव एवं गायत्री) संस्था द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और वीर नारियों, सैनिकों तथा शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा कविता पाठ, लघु नाटिका मंचन, एकल गायन और सामूहिक भक्ति एवं वीर रस गायन की प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें शहीदों के प्रति श्रद्धा और राष्ट्रप्रेम की भावनाएं स्पष्ट रूप से झलक रही थीं।

मुख्य अतिथि बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि मिशन सोसायटी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल प्रशंसनीय है, बल्कि भावनात्मक रूप से भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और गौरव हमारे सैनिकों और शहीदों के बलिदान से ही संभव हुआ है। उन्होंने कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज का दिन हमें उनके बलिदान की याद दिलाता है, जिनके कारण हम सुरक्षित हैं।
उन्होंने वीर नारियों, शहीदों के परिजनों और सैनिकों को शॉल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों और संस्थाओं को भी प्रोत्साहित किया।
अतिविशिष्ट अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल (अवकाश प्राप्त) वी.के. आहलुवालिया ने अपने संबोधन में कारगिल में सेवा के दौरान के अनुभव साझा किए और अपनी पुस्तक “गिविंग अप नॉट एन ऑप्शन” के माध्यम से युवाओं को प्रेरित किया।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह बिष्ट ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के शौर्य का उल्लेख करते हुए देश के सैनिकों की तुलना सनातन धर्म की रक्षा में लगे हनुमान जी से की। मंच का संचालन अनुज पुरोहित द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में कारगिल शहीदों के ग्यारह परिवारों को सम्मानित किया गया। इनमें वीर नारियां – कलावती बिष्ट, विनीता रावत, गंगा देवी, शैला बिष्ट, संपति राणा, लक्ष्मी तोमर – तथा शहीद दीपक नैनवाल के पिता कैप्टन चक्रधर नैनवाल, कैप्टन विजेंद्र थापा, जगदीश गोसाईं सहित अन्य परिजन शामिल रहे।
इस अवसर पर कार्यक्रम में अनेक विशिष्टजन उपस्थित रहे जिनमें दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, कर्नल विनोद पैन्यूली, कर्नल राकेश कुकरेती, शालिन सिंह (चैयरमेन, संस्कार इंटरनेशनल स्कूल), मिशन सोसायटी अध्यक्ष सुभाष भट्ट, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रूचि भट्ट, सिविल डिफेंस के डिप्टी कमांडेंट एस.के. शाहू, ईरा कुकरेती, सुभाष शर्मा और केदार घाटी मंडाण ग्रुप के निदेशक आचार्य कृष्णानंद नौटियाल शामिल थे। सभी ने शहीदों के योगदान को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान प्रकट किया।

