राज्य का पहला ऑर्गन बैंक दून मेडिकल कॉलेज में स्थापित होगा: चिकित्सा शिक्षा मंत्री

राज्य का पहला ऑर्गन बैंक दून मेडिकल कॉलेज में स्थापित होगा: चिकित्सा शिक्षा मंत्री
Spread the love

देहरादून।राजकीय दून मेडिकल कॉलेज देहरादून में उत्तराखंड का पहला ऑर्गन बैंक — स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (SOTTO) — स्थापित किया जाएगा। इस संबंध में चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

अपने शासकीय आवास पर आयोजित चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री डॉ. रावत को अधिकारियों द्वारा SOTTO की स्थापना को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। मंत्री ने बताया कि ऑर्गन बैंक की स्थापना की सभी औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं। इसके लिए एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे राष्ट्रीय (NOTTO) व क्षेत्रीय (ROTTO) अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संस्थानों से समन्वय स्थापित कर SOTTO के क्रियान्वयन की दिशा में कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति देहदान या अंगदान करना चाहते हैं, वे दून मेडिकल कॉलेज में आकर या फिर SOTTO की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं।

डॉ. रावत ने कॉलेज प्रशासन को ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने, देहदान एवं अंगदान को प्रोत्साहित करने, नवजात शिशुओं के लिए मिल्क बैंक स्थापित करने, छात्रों के लिए ई-ग्रंथालय और डिजिटल लॉकर के माध्यम से प्रमाण पत्र प्रदान करने जैसी पहलें शीघ्र प्रारंभ करने को कहा।

साथ ही, उन्होंने कॉलेज की प्रत्येक फैकल्टी से स्वैच्छिक रूप से एक-एक टीबी मरीज को गोद लेने की अपील भी की।

बैठक में निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना, अपर निदेशक डॉ. आरएस बिष्ट, दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. गीता जैन, नोडल अधिकारी डॉ. अतुल कुमार सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles