नावघाट–सिंहपुरा पुल मुद्दे पर बयानबाजी तेज, जन संघर्ष मोर्चा ने विधायक पर साधा निशाना
विकासनगर। नावघाट–सिंहपुरा पुल अप्रोच रोड मामले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जन संघर्ष मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा ने विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान के हालिया बयान पर सवाल उठाते हुए इसे भ्रामक बताया है।
प्रवीण शर्मा ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि विधायक द्वारा भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई हाल ही में पूरी कराए जाने का दावा वास्तविक तथ्यों से परे है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जून 2025 में ही जारी हो चुकी थी तथा सोशल इंपैक्ट एसेसमेंट की प्रक्रिया भी उसी समय पूरी कर ली गई थी।
शर्मा के अनुसार, जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के आग्रह पर तत्कालीन मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने 28 अक्टूबर 2024 को इस मामले में पहल की थी। इसके बाद वर्तमान मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने 21 जुलाई 2025 को हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना को पत्र लिखकर कार्रवाई में तेजी लाने का अनुरोध किया था।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से 30 अगस्त 2025 को सूचित किया गया था कि भूमि अधिग्रहण और सोशल इंपैक्ट एसेसमेंट की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है।
प्रवीण शर्मा ने दावा किया कि मोर्चा के लगातार प्रयासों के चलते यह पुल शीघ्र ही जनता को समर्पित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने विधायक को नसीहत देते हुए कहा कि जनता को भ्रमित करने के बजाय जमीनी स्तर पर कार्य करना चाहिए।
मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जबकि स्थानीय लोग पुल निर्माण कार्य के शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

