रुद्रप्रयाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5.43 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, लंबा आपराधिक इतिहास आया सामने

रुद्रप्रयाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5.43 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, लंबा आपराधिक इतिहास आया सामने
Spread the love

रुद्रप्रयाग। मैदानी क्षेत्रों के बाद अब पहाड़ी जिलों में भी नशे का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। इसी कड़ी में रुद्रप्रयाग पुलिस ने शुक्रवार (05 सितम्बर 2025) को चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को 5.43 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अखिलेश बगवाड़ी पुत्र मोहन बगवाड़ी निवासी ब्लॉक रोड अगस्त्यमुनि के रूप में हुई है।

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। वर्ष 2024 में भी इसे रुद्रप्रयाग पुलिस ने 6.21 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था, जिसमें न्यायालय द्वारा इसे दंडित किया गया था। इसके बावजूद आरोपी ने एक बार फिर स्मैक तस्करी का अपराध किया है। आरोपी के खिलाफ जनपद रुद्रप्रयाग के थाना अगस्त्यमुनि और ऊखीमठ के साथ ही उत्तर प्रदेश के थाना रामपुर में भी कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि जिले में “ड्रग्स फ्री देवभूमि उत्तराखण्ड” अभियान के तहत पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रही है। पुलिस जहां नशे के दुष्प्रभावों को लेकर आमजन को जागरूक कर रही है, वहीं नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

गिरफ्तारी कोतवाली रुद्रप्रयाग के प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी के नेतृत्व में की गई, जिसमें चौकी प्रभारी घोलतीर उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, अपर उपनिरीक्षक शशिधर प्रसाद थपलियाल और आरक्षी विक्रम कठैत शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुद्रप्रयाग पर मु.अ.सं. 55/2025 धारा 8, 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles