दिल्ली में ‘आप’ की नहीं, जनता की उम्मीदों की हार :सचिन थपलियाल
देहरादून।आम आदमी पार्टी यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष सचिन थपलियाल ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदें हार गई हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में ‘आप’ ने हमेशा सेवा और कर्म को प्राथमिकता दी, लेकिन दिल्ली में भाजपा की जीत के बाद मेट्रो किराया बढ़ने और बिजली कटौती से जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।
थपलियाल ने कहा कि गरीबों की समस्याओं को नजरअंदाज करना या उनका मजाक उड़ाना समाज के विकास के लिए घातक है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी अपने लक्ष्यों को आक्रामकता से पूरा करेगी।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अरविंद केजरीवाल के आगामी उत्तराखंड दौरे से पार्टी को मजबूती मिलेगी और राज्य में ‘आप’ का प्रभाव बढ़ेगा। दिल्ली चुनाव परिणामों के बाद थपलियाल का यह बयान उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की भविष्य की रणनीति का संकेत माना जा रहा है।

